यमुनानगर नहर हादसा: 16 किमी दूर मिला बड़े भाई का शव, छोटे की तलाश जारी

0
2

यमुनानगर (हरियाणा)। पश्चिमी यमुना नहर में पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान डूबे दो सगे भाइयों में से बड़े भाई का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। शव हमीदा हेड से आगे एक पुल के पास मिला, जो घटनास्थल से करीब 16 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। प्रशासन अब भी छोटे भाई की तलाश में जुटा हुआ है।

जगह जहां से शव बरामद

10 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में चला सर्च ऑपरेशन

घटना के बाद से बुडिया थाना पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार नहर में सर्च अभियान चला रहे थे। शुरुआती चरण में करीब 10 किलोमीटर के दायरे में गहन तलाशी ली गई, लेकिन पहले कुछ दिनों तक कोई सफलता नहीं मिली।गोताखोर अमर ने बताया कि नहर में पानी का बहाव सामान्य है, हालांकि ठंड के कारण पानी काफी ठंडा है। ऐसे हालात में डूबे शव को सतह पर आने में चार से पांच दिन तक का समय लग सकता है। अनुमान के मुताबिक, रविवार को यही स्थिति सामने आई।

हमीदा हेड के पास मिला शव

रविवार को स्थानीय लोगों ने हमीदा हेड से आगे एक पुल के पास पानी में शव को बहते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।मृतक की पहचान भगवानगढ़ निवासी उदय (24) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भेज दिया है। वहीं छोटे भाई आर्यन (18) की तलाश अब भी जारी है। प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन को आगे के क्षेत्रों तक विस्तारित करने के निर्देश दिए हैं।

फाइल फोटो दोनों भाइयों की।

नहर किनारे मिली थी बाइक और चप्पल

दोनों भाई मंगलवार शाम पूजा सामग्री विसर्जन की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। अगली सुबह बुडिया के पास नहर किनारे उनकी बाइक खड़ी मिली और पास ही चप्पलें पड़ी थीं। इसके बाद नहर में डूबने की आशंका गहराई और पुलिस को सूचना दी गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

उदय का शव मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां रेखा का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं।उदय गांव में नाई की दुकान पर काम करता था और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। छोटा भाई आर्यन दिहाड़ी मजदूरी कर घर चलाने में सहयोग करता था।गांव भगवानगढ़ में मातम का माहौल है। परिजन अब भी नहर किनारे प्रशासन के साथ खड़े हैं और आर्यन के जल्द मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा और नहर के आगे के क्षेत्रों में भी तलाशी तेज कर दी गई है।