यमुनानगर में इंजीनियरिंग कॉलेज के पास स्थित एक किराए के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक अपनी पत्नी के साथ यहां किराए पर रह रहा था। जानकारी के अनुसार, दोनों ने लगभग दो महीने पहले ही यह मकान किराए पर लिया था।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच जोरदार झगड़ा हुआ था। सुबह जब आसपास के लोगों ने मकान का दरवाजा खुला देखा और काफी देर तक कोई आवाजाही नहीं हुई, तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही जगाधरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जगाधरी सिटी थाना प्रभारी राजिंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस जब मकान के अंदर दाखिल हुई तो एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस को बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक और उसकी पत्नी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस अभी मृतक की आधिकारिक पहचान और सत्यापन नहीं कर पाई है।

बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी और उसका एक परिचित युवक, जो कभी-कभी घर आता था, घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।




