यमुनानगर में 8.5 ग्राम हेरोइन के साथ बाइक सवार दो युवक गिरफ्तार, यूपी से ला रहे थे नशे की खेप

0
5

यमुनानगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस चौकी कलानौर की टीम ने बाइक सवार दो युवकों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशों के तहत की गई। टीम को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से दो युवक बाइक पर सवार होकर नशीले पदार्थ की खेप लेकर हरियाणा में प्रवेश करने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस चौकी कलानौर की टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए, जिन्हें शक के आधार पर रोका गया।

नियमानुसार कार्रवाई के तहत मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों युवकों के पास से कुल 8.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोनी पुत्र जगदीश राणा निवासी चौधरी कॉलोनी आजादनगर और कर्ण उर्फ जोनी पुत्र नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की खेप लाने में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।