यमुनानगर लूट केस अपडेट: चाकू दिखाकर सब्जी विक्रेता से लूट करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार

0
4

यमुनानगर में कुछ दिन पहले सब्जी विक्रेता से चाकू की नोक पर लूटपाट करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में स्पेशल सेल की टीम ने 3 में से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित उर्फ बटुआ और रितिक के रूप में हुई है। आरोपी अमित उर्फ बटुआ पर पहले से ही चोरी के करीब 19 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी रितिक के खिलाफ भी 5-6 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने दोनों आरोपियों को रटौली रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सुबह के समय मुंह पर कपड़ा बांधकर सुनसान जगहों पर अकेले लोगों को निशाना बनाते थे। चाकू की नोक पर डरा-धमकाकर उनसे नकदी और मोबाइल लूट लेते थे।

मीडिया को जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी

इस गैंग ने हाल ही में एक सब्जी विक्रेता से करीब 11 हजार रुपये कैश और एक मोबाइल फोन लूटा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 3500 रुपये नकद, और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इसके अलावा, आरोपियों के पास से चाकू भी बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल लूटपाट के दौरान किया जाता था।
पुलिस का कहना है कि तीसरे फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।
यमुनानगर पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।