हरियाणा के यमुनानगर में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 लाख रुपये कीमत के नशीले पदार्थ के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की 5 किलोग्राम चरस और 5 लाख रुपये कीमत की 120 ग्राम हेरोईन (स्मैक) बरामद की गई है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि यमुनानगर एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।


पहला मामला: 120 ग्राम हेरोईन के साथ आरोपी काबू
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि दिनांक 10 अप्रैल को एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक गांव तेलीपुरा बाईपास पुल के पास नशीले पदार्थों के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक ओम प्रकाश, मुख्य सिपाही मनजीत सिंह, सुल्तान गुरविंदर की टीम गठित की गई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान राजकुमार उर्फ चाकू पुत्र त्रिवेणी निवासी मुखर्जी पार्क, जगाधरी के रूप में हुई। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार सरस्वती नगर संदीप शर्मा को बुलाया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 120 ग्राम हेरोईन (स्मैक) बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया और उसे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से हेरोईन के सप्लायर और खरीदारों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी का एक मुकदमा दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।


📍 दूसरा मामला: 5 किलो चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल की दूसरी टीम ने स्टार्च मिल रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एक आरोपी को 5 किलो चरस (सुल्फा) सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अब्दुल मनान अंसारी पुत्र रेफूल अंसारी निवासी गांव मोहम्मदपुर, जिला पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई।
बरामद चरस की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी कि वह नशीले पदार्थ कहां से लाता था और कहां सप्लाई करता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी उत्तर प्रदेश के कानपुर में 9 किलो सुल्फा का मामला दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।


🚔 पुलिस का बयान
डीएसपी रजत गुलिया ने कहा कि यमुनानगर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।




