बिलासपुर में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार: देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद, गैंग कनेक्शन की जांच शुरू

0
1

जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा-1 की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिलासपुर क्षेत्र के पास से एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

CIA 1 टीम की ग्रिफ में आरोपी।

अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवक बिलासपुर के आसपास संदिग्ध अवस्था में अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और एएसआई जगतार सिंह, अमरजीत, प्रमोद, पुनीत और सुशील की टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसकी पहचान भगवानपुर निवासी अमित कुमार पुत्र भोपाल सिंह के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अब पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। खास तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं और वह किसी गिरोह से जुड़ा हुआ तो नहीं है।
इंचार्ज राजकुमार ने कहा कि अवैध हथियार समाज में अपराध और असुरक्षा को बढ़ावा देते हैं, इसलिए पुलिस ऐसे मामलों में बिल्कुल भी ढील नहीं बरतेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अगर किसी को अवैध हथियार रखने या उनकी खरीद-फरोख्त की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।