यमुनानगर में नशा तस्करी पर बड़ा वार: 8 किलो गांजा पत्ती के साथ जीजा-साला गिरफ्तार, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

0
1

यमुनानगर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 किलोग्राम गांजा पत्ती के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो आपस में जीजा-साला बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है।

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में

जानकारी के अनुसार एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव महमूदपुर स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री के बाहर कुछ लोग नशीले पदार्थ की सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई राजिंदर, अमित, कर्मवीर और पंकज को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी और एक संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया। कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से 8 किलोग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान विजय पुत्र राजिंदर राय निवासी गांव राघोपुर, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने उसके जीजा इंद्रजीत पुत्र बालेश्वर निवासी गांव माइल, जिला वैशाली (बिहार) को भी गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों में गांजा सप्लाई करने का काम करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये नशीला पदार्थ कहां से लाया जाता था और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता युवाओं को नशे से बचाना और समाज को सुरक्षित रखना है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।