यमुनानगर LIVE Encounter! पुलिस और बदमाश में मुठभेड़ | 15 राउंड फायरिंग|आरोपी गिरफ्तार

0
2

यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा फायरिंग केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पूर्व सरपंच के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाश के बीच करीब 15 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, हालांकि वह सुरक्षित बच गए।

आरोपी के पैर पर लगी गोली सिविल अस्पताल यमुनानगर लाया गया

पकड़े गए आरोपी की पहचान पानीपत के गांव गोयल खुर्द निवासी अमन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गैंगस्टर काला राणा और नोनी राणा गैंग से जुड़ा हुआ है तथा हाल ही में हुई फायरिंग वारदात में उसकी सक्रिय भूमिका सामने आई है।

घटना स्थल जहां मुठभेड़ हुई

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात थाना छप्पर क्षेत्र के कुलपुर फाटक के पास आरोपी किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। गुप्त सूचना मिलने पर सीआईए-2 और थाना छप्पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को घेर लिया।
पुलिस को देखकर आरोपी ने पल्सर बाइक पर भागने की कोशिश की और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों ओर से करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी अमन के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे काबू कर लिया।

घटना स्थल पर जांच करती पुलिस

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बाइक, अवैध हथियार और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं मुठभेड़ के दौरान एसआई रोहन की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी अमन 25-26 अप्रैल की रात गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच ऋषिपाल के घर पर हुई फायरिंग में भी शामिल था। उस दौरान बदमाशों ने बंद पड़े मकान पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं और सामने रहने वाले अंकित को भी निशाना बनाया था, हालांकि वह बाल-बाल बच गया था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी।

रादौर क्षेत्र में घटना के समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे आरोपी

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। इसी सूचना के आधार पर जिले में सीलिंग प्लान लागू कर नाकाबंदी की गई थी। प्रारंभिक जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है और पुलिस उससे गैंग नेटवर्क व अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

डीएसपी रजत गुलिया जानकारी देते हुए

गौरतलब है कि जिस पूर्व सरपंच के घर पर फायरिंग हुई थी, वह पहले से ठगी के एक मामले में फरार बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस इस पूरे मामले को आपसी रंजिश, रंगदारी और गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।