यमुनानगर जिले के गांव बाल छप्पर में सोमवार सुबह 55 वर्षीय सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और बदले की कार्रवाई से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार सतनाम सिंह रोजाना की तरह सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव के बाहरी इलाके में सैर करने निकले थे।

इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां उनके सीने में लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

जांच में सामने आया है कि सतनाम सिंह लंबे समय से गांव में लगभग अकेले रह रहे थे। वह बोलने और सुनने में असमर्थ थे। उनकी पत्नी प्रवीण कौर उर्फ बीना लगातार जान के खतरे के कारण अलग-अलग जगह किराये के मकानों में रह रही थी और महीने-दो महीने में ही गांव आती थी। वहीं उनका बेटा विरेंद्र सिंह वर्ष 2020 में हुए तत्कालीन सरपंच पति रशपाल सिंह हत्याकांड के बाद विदेश चला गया था।

पुलिस को अब तक की जांच में पता चला है कि दोनों परिवारों के बीच कई सालों से खूनी रंजिश चली आ रही थी। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि परिवार के कुछ लोगों के साथ जमीन और आपसी विवाद को लेकर तनाव था। वर्ष 2019 में भी उनके घर पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद 2020 में गांव के तत्कालीन सरपंच पति रशपाल सिंह की हत्या के मामले में भी परिवार का नाम सामने आया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी और बढ़ गई।

अब पुलिस को एक और अहम जानकारी मिली है। अप्रैल 2026 में सतनाम सिंह के घर और परिवार की रेकी किए जाने का मामला सामने आया था। मृतक की पत्नी के अनुसार 17 अप्रैल को कुछ लोग उनके घर और गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इस मामले में पुलिस ने गांव के एक युवक अंकित को गिरफ्तार भी किया था। महिला ने आरोप लगाया कि यह रेकी हरिंदर उर्फ राजीव सिंह उर्फ बब्बू के कहने पर करवाई जा रही थी।

पुलिस को शक है कि अप्रैल में हुई यही रेकी सतनाम सिंह की हत्या की तैयारी का हिस्सा थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावरों ने पहले से उनकी दिनचर्या, सैर का समय और रास्ते की पूरी जानकारी जुटाई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।




