किराया मांगना पड़ा महंगा, दो महिलाओं ने ई-रिक्शा चालक पर ईंट से किया हमला

0
4

यमुनानगर के जगाधरी में तय किराया मांगने पर एक ई-रिक्शा चालक पर दो महिलाओं द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिलाओं ने पहले चालक के साथ बहस की और फिर सरेआम मारपीट करते हुए ईंट से हमला कर दिया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। डॉक्टरों ने उसकी नाक में फ्रैक्चर की पुष्टि की है।

किराया मांगने पर 2 महिलाओं ने ईंट मार नाक तोड़ी

जगाधरी निवासी सतनाम सिंह ने बताया कि वह बस स्टैंड से ई-रिक्शा चलाता है। कुछ दिन पहले दो महिलाओं ने रेलवे स्टेशन से नए पुल के पास जाने के लिए उसका ई-रिक्शा स्पेशल बुक किया था। दोनों पक्षों के बीच 250 रुपये किराया तय हुआ था। रास्ते में रामपुरा के पास महिलाओं ने ई-रिक्शा रुकवाया और थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर चली गईं, लेकिन वापस नहीं आईं।

जानकारी देते हुए e riksha चालक सतनाम सिंह

पीड़ित के अनुसार बुधवार देर रात अग्रसेन चौक के पास उसे वही दोनों महिलाएं दिखाई दीं। जब उसने उनसे तय किराया मांगा तो उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करते हुए महिलाओं से कम से कम 150 रुपये देने की बात कही, जिस पर चालक भी सहमत हो गया।

सतनाम सिंह का आरोप है कि इसके बावजूद विवाद बढ़ गया। उसने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान एक महिला ने उसे पकड़ लिया जबकि दूसरी ने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर उसके चेहरे पर दे मारी। हमले में उसकी नाक टूट गई और वह लहूलुहान हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।