यमुनानगर में आधी रात गोलियों की गूंज! सभरवाल टायर शोरूम पर फायरिंग, दीवार पर मिला धमकी भरा पोस्टर

0
3

यमुनानगर: हरियाणा में कारोबारियों को निशाना बनाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अब यमुनानगर के रामपुरा कॉलोनी स्थित सभरवाल टायर शोरूम पर अज्ञात बदमाशों ने देर रात फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। वारदात के बाद बदमाश शोरूम के बाहर एक धमकी भरा पोस्टर चिपकाकर फरार हो गए।

यमुनानगर की रामपुरा कॉलोनी में स्थित सबरवाल टायर शोरूम

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 12 बजे बदमाशों ने बंद पड़े शोरूम को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। रविवार सुबह जब कर्मचारी शोरूम पहुंचे तो उन्हें गोलियों के निशान, खोखे और मुख्य गेट पर चिपका धमकी भरा पोस्टर मिला। इसके बाद तुरंत शोरूम मालिक ईशान सभरवाल और पुलिस को सूचना दी गई।

सबरवाल टायर शोरूम के शीशे पर लगी गोलियां


पोस्टर में लिखा था, “यह तो ट्रेलर है… अगली गोली दिमाग में लगेगी।” साथ ही उस पर कुलबीर सिद्धू का नाम भी लिखा मिला। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि पोस्टर किसने लगाया और इसके पीछे वास्तविक साजिश क्या है।

शोरूम के मुख्य गेट पर चिपका धमकी भरा पोस्टर


सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और पोस्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।


शोरूम मालिक ईशान सभरवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इससे पहले उन्हें न तो किसी प्रकार की रंगदारी की मांग की गई थी और न ही कोई धमकी भरा फोन आया था। ऐसे में पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ओर आरोपियों की तलाश में जुट गई


पुलिस सूत्रों के अनुसार पोस्टर पर जिस कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू का नाम लिखा है, वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है। हालांकि पुलिस अभी यह भी जांच कर रही है कि पोस्टर में उसका नाम लिखने का उद्देश्य क्या था और क्या इस घटना का वास्तव में उससे कोई संबंध है। मामले की जांच जारी है।