यमुनानगर में दर्दनाक हादसा 😢 बैड पर सो रही 20 वर्षीय युवती को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

0
1

यमुनानगर | HR71 NEWS

यमुनानगर के जगाधरी स्थित मां कॉलोनी में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवती की सांप के डसने से मौत हो गई। मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं रविवार सुबह वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घर में सांप की तलाश शुरू कर दी।

मृतका शब्नम की फाइल फोटो।


परिजनों के अनुसार, शनिवार रात खाना खाने के बाद शबनम अपनी मां और बहनों के साथ कमरे में बैड पर सो रही थी। रात करीब 12:45 बजे वह अचानक उठी और मां से कहा कि उसकी गर्दन पर किसी चीज ने काट लिया है। मां ने तुरंत लाइट जलाई तो देखा कि एक सांप बैड से नीचे उतर रहा था। यह नजारा देखते ही परिवार के लोग घबरा गए और सभी कमरे से बाहर निकल आए।

शबनम की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन


इसके बाद परिजन बिना देर किए शबनम को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की बहन श्वेता ने बताया कि उनके पिता मजदूरी का काम करते हैं और परिवार किराए के मकान में रहता है। घटना के समय मां और तीनों बहनें बैड पर सो रही थीं, जबकि भाई जमीन पर लेटा हुआ था।

मृतका शब्नम की बहन श्वेता मामले की जानकारी देते हुए


घटना की सूचना मिलने पर रविवार सुबह वाइल्ड लाइफ विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग के कर्मचारी मोहित ने बताया कि घर में सांप की तलाश की जा रही है। सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसकी प्रजाति की पहचान की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शबनम तीन बहनों और एक भाई में से एक थी। उसकी असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।