एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने कुलदीप नगर मार्केट के पास की कार्रवाई, राजस्थान से नशीला पदार्थ लाने का खुलासा; दोनों आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं NDPS के मुकदमे

यमुनानगर में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने एक ट्रक से 25 किलो डोडा चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशीला पदार्थ राजस्थान से लेकर आए थे।
एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक कुलदीप नगर मार्केट में चांदपुर अंडरपास के नजदीक ट्रक नंबर HR-45B-9048 में नशीला पदार्थ लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक ओम प्रकाश, एएसआई प्रवीन, जसबीर, कुलदीप सिंह, मुख्य सिपाही मोनू, रवि और सुल्तान की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया। इसके बाद नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार रादौर अनिल कुमार को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें से 25 किलो डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप नगर निवासी बलविंदर सिंह पुत्र वरयाम सिंह और गांव गधोला निवासी अमरजीत पुत्र मंगा सिंह के रूप में हुई है। बलविंदर सिंह ट्रक का चालक और मालिक बताया गया है।
राजस्थान से लेकर आए थे नशीला पदार्थ
इंचार्ज अनिल कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे डोडा चूरा पोस्त राजस्थान से लेकर आए थे। पुलिस ने यह भी बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ राजस्थान में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत एक-एक मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं और नेटवर्क की जांच कर रही है।









