यमुनानगर के पाबनी क्षेत्र के गांव शेखपुरा में मुख्य सड़क को लेकर विवाद एक बार फिर तूल पकड़ गया है। करीब दो महीने पहले गांव के एक व्यक्ति ने रात के समय सड़क पर मिट्टी डालकर रास्ता बंद कर दिया था, जिससे लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई थी।

इस मामले में ग्रामीणों और गांव के सरपंच ने बिलासपुर के एसडीएम से शिकायत की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बीडीओ बिलासपुर ने सड़क से मिट्टी हटवाकर रास्ता दोबारा खुलवा दिया था।

लेकिन अब ग्रामीणों का आरोप है कि मिट्टी हटाए जाने के बाद संबंधित व्यक्ति रोज सुबह करीब 5 बजे उठकर सड़क पर पानी छोड़ देता है। सड़क पर बची हुई मिट्टी में पानी मिल जाने से पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना तो दूर, मोटरसाइकिल से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव का मुख्य रास्ता है, जहां से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रोजाना गुजरते हैं। कीचड़ की वजह से कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं और हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।

इसी समस्या को लेकर अब गांव वाले डीसी कार्यालय पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। डीसी यमुनानगर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द रास्ता साफ कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा।




