
यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र के गांव भंभौल में 34 वर्षीय महिला मोनिका उर्फ पूजा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी योगराज (निवासी गांव कलरेड़ी, जिला अंबाला) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृतका के जेठ का बेटा बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के तहत आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता कांता देवी के अनुसार, योगराज अपने साथी सचिन (निवासी गांव मंगलाई, जिला अंबाला) के साथ पहले भी घर आ चुका था। घटना वाली रात लगभग 11 बजे कमरे से चीखने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो देखा कि योगराज हाथ में चाकू लेकर मोनिका पर हमला कर रहा था।
आरोप है कि हमले के दौरान गर्दन, छाती, पेट और हाथों पर कई वार किए गए। शोर मचाने पर आरोपी छत के रास्ते फरार हो गया। मुख्य गेट बंद होने के कारण उसका साथी मौके से नहीं भाग सका।
अस्पताल में तोड़ा दम
घायल महिला को पड़ोसी की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार/सह-आरोपी की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है।





