यमुनानगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 113 ग्राम स्मैक/हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 5.50 लाख रुपये बताई जा रही है।


जानकारी देते हुए उप पुलिस अधीक्षक (DSP) रजत गुलिया, एचपीएस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत अपराध शाखा-1 की टीम को विशेष निर्देश दिए गए थे।

अपराध शाखा-1 यमुनानगर के प्रभारी एसआई राज कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई गुलशन, एएसआई जनक राज, मुख्य सिपाही अमरजीत सिंह, मुख्य सिपाही मुकेश कुमार, मुख्य सिपाही संजीव कुमार, सिपाही अमरजीत सिंह और सिपाही प्रमोद कुमार शामिल थे।
पुलिस टीम ने 9 अप्रैल 2026 को रेस्ट एरिया औरंगाबाद के पास नाकाबंदी के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान शुभम उर्फ टिंकू पुत्र यशपाल, निवासी मकान नंबर 860, मिन्नरवा स्कूल के पास, मायापुरी, कोटासपुर, थाना गांधीनगर, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 113 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की गई। जिसकी कीमत करीब 5.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से पुलिस रिमांड लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।




