यमुनानगर | 25 फरवरी 2026
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 825 ट्रामाडोल (ड्रॉमाडोल) कैप्सूल बरामद किए हैं, जो प्रतिबंधित श्रेणी में आते हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक सेल लगातार कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परवेज निवासी नगली 465 और रणधीर निवासी मंगलौर के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई राजिंदर, पंकज और ललित की टीम ने हथनी कुंड बैराज के पास नाकाबंदी कर जांच अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान संदेह के आधार पर बाइक सवार दो युवकों को रोका गया। नियमानुसार तलाशी के लिए मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 825 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। मामले की पुष्टि के लिए ड्रग कंट्रोलर से संपर्क किया गया, जहां से स्पष्ट किया गया कि बिना वैध दस्तावेज के इन दवाइयों को रखना और परिवहन करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी परवेज उत्तर प्रदेश से बाइक पर प्रतिबंधित दवाइयां लेकर आ रहा था और इन्हें युवाओं को बेचने का काम करता था। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी दो-दो मामले दर्ज हैं, जो वर्तमान में अदालत में विचाराधीन हैं।
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इंचार्ज अनिल कुमार ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




