जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी घोड़ो पिपली की टीम ने एक युवक को अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिला पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव टापू माजरी के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ संदिग्ध रूप से घूम रहा है।
सूचना के आधार पर एएसआई सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान युवक के पास से एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सूरज पुत्र सुरेंद्र निवासी गांव देवला, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं तथा वह किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
थाना प्रबंधक बुढ़िया उप निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि अवैध हथियार समाज में अपराध को बढ़ावा देते हैं और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अवैध हथियार रखने या उनकी खरीद-फरोख्त से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
जिला पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।




