यमुनानगर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल (ANC) की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कलानौर बॉर्डर से उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को 50 ग्राम हीरोइन (स्मैक) सहित गिरफ्तार किया है। साथ ही मामले में मुख्य सप्लायर को भी काबू किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि मुख्य सप्लायर को रिमांड पर लिया गया है।
गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी:
सेल इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक युवक बाइक पर नशीला पदार्थ लेकर कलानौर बॉर्डर के रास्ते यमुनानगर जिले में प्रवेश करेगा। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप निरीक्षक आशीष के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई जसबीर, कर्मवीर, सिपाही मनजीत, गुरनाम और सरबजीत को शामिल किया गया।

पुलिस टीम ने कलानौर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की गई। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ ललित यादव को बुलाया गया। तलाशी के दौरान बाइक सवार युवक के कब्जे से 50 ग्राम हीरोइन (स्मैक) बरामद हुई।
आरोपी की पहचान और सप्लायर की गिरफ्तारी
पूछताछ में आरोपी की पहचान बॉडी माजरा, झाड़ू वाली फैक्ट्री के नजदीक निवासी रिंकू पाल पुत्र राजवीर के रूप में हुई। आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह नशीला पदार्थ उत्तर प्रदेश के सरसावा क्षेत्र के गांव घघौंद निवासी सोमिन पुत्र कबीर से लेकर आया था।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर सोमिन को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने रिंकू पाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि सप्लायर सोमिन को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 8 मामले
इंचार्ज अनिल कुमार के अनुसार, रिंकू पाल के खिलाफ पहले से ही आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें नशा तस्करी, शस्त्र अधिनियम, लूट और चोरी के मामले शामिल हैं, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन हैं।
रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाता था और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। एंटी नारकोटिक सेल की टीम द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
खबर को वीडियो के माध्यम से देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇👇👇👇




