विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के मामले में थाना प्रतापनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी अंबाला जिले के नारायणगढ़ निवासी हर्ष और सागर हैं, जो आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 10 जनवरी 2026 को सामने आया था, जब टिब्बीराइयां निवासी शिव कुमार ने शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह विदेश जाना चाहता था और इसी दौरान उसका संपर्क हर्ष, सागर और उनके एक साथी पुनीत कुमार से हुआ।

आरोपियों ने नारायणगढ़ में एक ऑफिस बना रखा था और वहीं से लोगों को विदेश भेजने का दावा करते थे। उन्होंने शिव कुमार को विदेश भेजने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये का खर्च बताया। आरोपियों की बातों में आकर उसने अपने दस्तावेज सौंप दिए और अलग-अलग समय पर कुल 4 लाख 88 हजार रुपये दे दिए।
काफी समय बीतने के बाद भी न तो वीजा लगा और न ही उसे विदेश भेजा गया। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने देने से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद मामला दर्ज किया गया और जांच के दौरान हर्ष और सागर को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।




