हरियाणा के यमुनानगर में उस समय सनसनी फैल गई जब नहर से एक युवती का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने नहर में शव तैरता हुआ देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवती के हाथ में मंगलसूत्र लिपटा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह शादीशुदा हो सकती है। इसके अलावा युवती की बाजू पर ‘राजेश-दिव्या’ नाम लिखा हुआ मिला है, जो पुलिस जांच का अहम सुराग माना जा रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और युवती की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के थानों में भी युवती के गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग युवती की पहचान होने का इंतजार कर रहे हैं।




