यमुनानगर में एंटी नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई: 100 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, 10 लाख की खेप बरामद

0
1

जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 100 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस गिरफ्त में पकड़ा गया आरोपी

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक एक्टिवा पर सवार होकर लाल द्वार रोड, अशोका कॉलोनी क्षेत्र से नशीले पदार्थ की खेप लेकर गुजरने वाला है।
सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में तुरंत एक टीम का गठन किया गया। इस टीम में उप निरीक्षक आशीष कुमार, एएसआई जसवीर सिंह, कुलदीप, जयपाल, मराठा, सुल्तान और अमित को शामिल किया गया।

टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक युवक एक्टिवा पर आता दिखाई दिया, जिसे शक के आधार पर रोक लिया गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट (ईटीओ) को बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल निवासी आजाद नगर, चौधरी कॉलोनी जीरो एरिया के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ तीन मामले पहले से दर्ज हैं, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन हैं।


पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में सक्रिय था और इस बार भी बड़ी खेप सप्लाई करने जा रहा था।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाता था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। साथ ही उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि एंटी नारकोटिक्स सेल ने कुछ दिन पहले भी करीब 6 किलो अफीम बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।