तेजली स्टेडियम के पास बाइक सवार युवक को दबोचा, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
हरियाणा के यमुनानगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर यमुनानगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक युवक को 9.03 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

थाना शहर यमुनानगर के थाना प्रबंधक नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तेजली स्टेडियम के पास एक युवक बाइक पर सवार होकर नशीले पदार्थ की सप्लाई के इरादे से घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक टीम का गठन किया गया।
इस टीम में एएसआई किरण, युसूफ, प्रदीप, मुख्य सिपाही विनोद, अवतार और राशिद शामिल थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया।
कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में ईटीओ ललित यादव को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 9.03 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी छोटी लाइन, यमुनानगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लाता था और किसे सप्लाई करता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




