यमुनानगर में एंटी नारकोटिक सेल की बड़ी कार्रवाई: 50 ग्राम हेरोइन मामले का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

0
1

यमुनानगर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार चल रही मुहिम के तहत एंटी नारकोटिक सेल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने 50 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस हिरासत में आरोपी

एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिन पहले उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तेजली क्षेत्र में एक युवक नशीले पदार्थ के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को काबू कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रयाग वर्मा पुत्र हरीश कुमार निवासी दुर्गा गार्डन के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह नशीला पदार्थ जिला सहारनपुर के गांव चोरी निवासी रोहित उर्फ कालू पुत्र नेकी राम से खरीद कर लाया था।
इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने बिना देरी किए कार्रवाई करते हुए सहारनपुर क्षेत्र में दबिश दी और मुख्य सप्लायर रोहित उर्फ कालू को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।