यमुनानगर के पुराना हमीदा में रिश्तों का कत्ल, चचेरे भाइयों ने धारदार हथियारों से की मेहंदी हसन की हत्या

0
4

यमुनानगर के पुराना हमीदा इलाके में हुए चर्चित मेहंदी हसन हत्याकांड में अपराध शाखा-1 की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के चचेरे भाई साकिर और आवेश को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी कुरबान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।

चचेरे भाई साकिर और आवेश पुलिस हिरासत में

पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि पुराना हमीदा निवासी जब्बार हसन ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनका परिवार लंबे समय से आपसी विवादों से गुजर रहा था।

चाचा कुरबान पुलिस हिरासत में

शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके चाचा कुरबान और उसके बेटे आवेश का मेहंदी हसन के साथ कई दिनों से विवाद चल रहा था। अक्सर गाली-गलौज और झगड़े की स्थिति बनी रहती थी। परिवार के लोग कई बार समझौता करवाने की कोशिश भी कर चुके थे, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।

मृतक मेंहदी हसन

पुलिस के अनुसार, 3 मई की रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर मेहंदी हसन परिवार की साझी बैठक में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका चाचा कुरबान वहां पहुंचा और उसे शराबी कहकर अपमानित करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और सभी अपने-अपने घर चले गए।
लेकिन करीब 20 मिनट बाद जब मेहंदी हसन किसी काम से घर से बाहर निकला तो पहले से घात लगाए बैठे कुरबान, उसके बेटे आवेश, साकिर, सोहेल और बलकिशा ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने धारदार हथियारों और तेजधार वस्तुओं से मेहंदी हसन पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर चोटों के कारण मेहंदी हसन की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पहले कुरबान को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अब अपराध शाखा-1 की टीम ने साकिर और आवेश को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस हत्याकांड के बाद पुराना हमीदा इलाके में लोगों के बीच दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है, क्योंकि यह वारदात रिश्तेदारी के भीतर हुए खूनी विवाद का दर्दनाक उदाहरण बन गई है।