यमुनानगर अपराध शाखा-1 की टीम ने कमानी चौक स्थित शराब के ठेके के बाहर एक व्यक्ति से लूटपाट करने के मामले में दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक विहार कांसापुर निवासी मदन उर्फ मदी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं।

अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी कांसापुर रोड पर घूम रहा है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सतिंदर कुमार, सुखदेव सिंह, एएसआई आजाद सिंह और सुशील की टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मदन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले अपराध शाखा की टीम रटौली क्षेत्र के पास इनामी बदमाशों मदन और मोनू का पीछा कर रही थी। इस दौरान दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर भागने लगे। भागते समय उनकी बाइक फिसल गई, जिससे आरोपी मोनू घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि मदन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। अब पुलिस ने उसे भी काबू कर लिया है।
इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि यह मामला 27 अप्रैल का है। उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा के गांव रामपुर निवासी महावीर सिंह अपनी शादी से पहले ससुराल आया हुआ था। उसकी शादी 9 मई को तय थी और बिरादरी की रस्म के अनुसार हल्दी की रस्म ससुराल में होनी थी। इसी दौरान वह महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित शराब के ठेके पर बीयर पीने गया था।
बताया जा रहा है कि महावीर सिंह ठेके के पास गली में खड़े होकर बीयर पी रहा था, तभी वहां दो युवक पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसकी जेब से 30 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात को मोनू और उसके साथी मदन ने मिलकर अंजाम दिया था।
फिलहाल शहर यमुनानगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी खुलासे हो सकते हैं।




