यमुनानगर में युवक की संदिग्ध मौत, घर के आंगन में मिला शव | परिवार ने जताया शक

0
2

यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव आज सुबह उसके घर के आंगन में पड़ा मिला। मृतक की पहचान बलाचौर की टपरियां निवासी 27 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। सूरज दो छोटे बच्चों का पिता था और अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई बताया जा रहा है।

सिविल अस्पताल में सूरज का शव लेकर पहुंचे परिजन

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलने पर छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्च्यूरी में भिजवा दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृतक सूरज का फाइल फोटो

मृतक की बहन सरोज ने बताया कि सूरज की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। उसके परिवार में तीन साल की बेटी और तीन महीने का बेटा है। सरोज के अनुसार, सुबह उन्हें भाई की मौत की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो सूरज का शव घर के आंगन में पड़ा था और घर का सामान भी बिखरा हुआ मिला।

मृतक की बहन सरोज जानकारी देते हुए।

परिजनों के मुताबिक, सूरज की पत्नी ने बताया कि रात को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह बच्चों को लेकर कमरे में सोने चली गई। सुबह करीब चार बजे जब वह बाहर निकली तो सूरज आंगन में पड़ा मिला और उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि रात के विवाद की जानकारी परिवार को नहीं दी गई और न ही सुबह मौत की सूचना दी गई। उन्हें घटना की जानकारी आसपास के लोगों के माध्यम से मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे।
सरोज का कहना है कि सूरज के शरीर पर कुछ निशान भी मिले हैं, जिससे उन्हें उसकी मौत पर शक है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।