यमुनानगर पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने स्नैचिंग के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

आरोपी ने पहले एक बाइक चोरी की और फिर उसी बाइक का इस्तेमाल कर महिला से पर्स छीनने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव सबलपुर निवासी शुभम के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी दो मामले दर्ज हैं, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं। पुलिस अब उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।स्पेशल स्टाफ इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मेहलावाली रोड पर एक युवक किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर एसआई जसविंदर, कुलदीप, अमन और दीपक की टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को काबू कर लिया।जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने 4 मई को दोसड़का क्षेत्र से एक बाइक चोरी की थी। इसके बाद 6 मई को उसी चोरी की बाइक पर सवार होकर उसने जगाधरी के विष्णु गार्डन ब्लॉक-बी में एक महिला से पर्स स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया।बताया जा रहा है कि महिला शाम के समय पैदल गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी बाइक पर आया और महिला का पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया। पर्स में नकदी और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।




