फर्कपुर में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या | ऑफिस में मिला खून से लथपथ शव | Yamunanagar Murder Case

0
3

हरियाणा के Yamunanagar में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां फरकपुर गांव में एक प्रॉपर्टी डीलर की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक का शव उनके ऑफिस के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सबसे पहले सामने वाली दुकान चलाने वाले पड़ोसी दुकानदार ने शव देखा और तुरंत परिवार व पुलिस को सूचना दी।

प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस के बाहर हुई भीड़ इकट्ठा

मृतक की पहचान 64 वर्षीय कलीराम निवासी फरकपुर के रूप में हुई है। वह लंबे समय से प्रॉपर्टी का कारोबार करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा राजेश पिछले 5 साल से अमेरिका में परिवार सहित रह रहा है, जबकि दोनों बेटियां गुरुग्राम में रहती हैं।

प्रोपर्टी डीलर कलीराम की फाइल फोटो

जानकारी के अनुसार कलीराम रोज दोपहर करीब 12 बजे घर खाना खाने जाते थे, लेकिन शुक्रवार को वह घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार ने अपने जानकार भीम को फोन कर ऑफिस जाकर देखने को कहा। भीम की बिजली की दुकान कलीराम के ऑफिस के सामने ही है।

कलीराम का ऑफिस जहां वारदात को अंजाम दिया गया

जब भीम ऑफिस के अंदर पहुंचे तो कलीराम जमीन पर खून से लथपथ पड़े मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फरकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए SP कमलदीप गोयल भी मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचे यमुनानगर SP कमलदीप गोयल

मृतक के भतीजे संजीव ने बताया कि शाम करीब 5 बजे उन्हें हत्या की सूचना मिली। परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। फिलहाल हत्या किसने और क्यों की, इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि कलीराम की छाती पर चाकू से कई वार किए गए हैं। पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद हो सकता है। मौके पर पहुंची पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

पुलिस ने घटना स्थल पर जांच शुरू कर दी

SP कमलदीप गोयल ने बताया कि पुलिस को शाम करीब साढ़े 5 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद CIA समेत कई टीमें मौके पर पहुंचीं। हत्या तेजधार हथियार से की गई है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।