यमुनानगर में जगाधरी स्थित करियर डिफेंस स्कूल में बड़ा खुलासा: हॉस्टल में CCTV, एक्सपायर्ड दूध और अवैध मेडिकल क्लिनिक मिला

0
1

यमुनानगर के जगाधरी स्थित करियर डिफेंस स्कूल में जिला प्रशासन की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। छात्रों और अभिभावकों की शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल परिसर में जांच की। जांच के बाद थाना शहर जगाधरी पुलिस ने स्कूल प्रबंधन समेत छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जगाधरी स्थित करियर डिफेंस स्कूल

जांच टीम को हॉस्टल के कमरों में CCTV कैमरे लगे मिले, जिन्हें नाबालिग छात्रों की प्राइवेसी का उल्लंघन माना गया। अधिकारियों के अनुसार पहले भी इन कैमरों को हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई नहीं की। बताया जा रहा है कि कैमरों की लाइव फीड मोहाली स्थित मुख्य कार्यालय तक भेजी जा रही थी।

निरीक्षण के दौरान मेस में एक्सपायर्ड दूध के पैकेट भी बरामद हुए। टीम ने हॉस्टल और खाने-पीने की व्यवस्था को बेहद खराब बताया। छात्रों और अभिभावकों ने खराब भोजन, गंदगी, पीने के पानी की समस्या और स्टाफ के दुर्व्यवहार जैसी शिकायतें भी दर्ज कराईं।

शिक्षा विभाग के अनुसार स्कूल को केवल पहली से 12वीं तक की कक्षाएं चलाने की मान्यता मिली हुई है, लेकिन परिसर में बिना अनुमति NDA, IIT और सैनिक स्कूल की रेजिडेंशियल कोचिंग चलाई जा रही थी। आरोप है कि छात्रों से इसके लिए भारी फीस वसूली जा रही थी।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता

जांच के दौरान स्कूल परिसर में एक अवैध मेडिकल क्लिनिक भी मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीम को वहां एलोपैथिक दवाइयां, IV फ्लूड, इंजेक्शन और इस्तेमाल की गई सिरिंज बरामद हुईं। मौके पर मौजूद लोग कोई मेडिकल लाइसेंस या रिकॉर्ड पेश नहीं कर सके। अधिकारियों ने कई दवाइयों के सैंपल कब्जे में लिए हैं।

करियर डिफेंस स्कूल के संचालक विनय राय।

शिकायत में यह भी सामने आया कि स्कूल के खिलाफ पहले भी कई बार शिकायतें मिल चुकी थीं और शिक्षा विभाग की टीम पहले भी निरीक्षण कर चुकी थी। बावजूद इसके व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं किया गया। फिलहाल पुलिस ने स्कूल संचालक विनय राय, पंकज यादव, परवीन विज, राजेश सैनी, मंजुला और साक्षी राणा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।