यमुनानगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन मैदान-2 के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 528 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं।


डीएसपी रजत गुलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन और पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशीले कैप्सूलों की सप्लाई करने जा रहा है।
सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने गांव जागधौली क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान रवि कुमार पुत्र बाबू राम निवासी गांव कलावड़, थाना छप्पर के रूप में हुई है।
पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 528 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी नशीले कैप्सूल कहां से लेकर आया था और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाने वाला था। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।




