
यमुनानगर के सेक्टर-17 स्थित जिंदल अस्पताल मोड़ के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जोमैटो के 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय मोहित कुमार की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह रात करीब 2 बजे ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, वाल्मीकि बस्ती जगाधरी निवासी मोहित कुमार बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-17 में जिंदल अस्पताल के कट के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार वरना कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहित करीब 25 मीटर दूर हवा में उछलकर एक नारियल की रेहड़ी पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। वहीं कार बाइक को करीब 40 मीटर तक घसीटती हुई ले गई, जिससे बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।


बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान मोहित कार के अगले शीशे से भी टकराया। हादसे के बाद चालक ने तुरंत वाहन नहीं रोका और कुछ दूरी तक आगे बढ़ता रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल मोहित को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मोहित 12वीं पास था और परिवार की मदद के लिए जोमैटो में पार्ट टाइम डिलीवरी बॉय का काम करता था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचे।
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।





