यमुनानगर: 75 लाख रंगदारी केस में बड़ा खुलासा, विदेशी नंबरों से धमकाता था शिव साहनी, RTI से करता था ब्लैकमेल

0
1

75 लाख की रंगदारी मामले में शिव साहनी को लेकर बड़े खुलासे, विदेशी नंबरों से धमकाने और ब्लैकमेलिंग नेटवर्क की जांच तेज

यमुनानगर में शराब कारोबारी विनय साहनी से 75 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार किए गए शिव साहनी को लेकर पुलिस जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी केवल शिकायतों और दबाव की रणनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि विदेशी नंबरों से कॉल और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को डराने-धमकाने तथा ब्लैकमेल करने का नेटवर्क भी संचालित कर रहा था।

आरोपी शिव साहनी पुलिस हिरासत में

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी शिव साहनी का बेटा नमन साहनी और दामाद रमन विदेश में रहने वाले कई लोगों के संपर्क में हैं। आशंका है कि इन्हीं संपर्कों के माध्यम से पीड़ितों को विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल और संदेश भेजे जाते थे।

RTI के जरिए जुटाता था जानकारी
जांच में यह भी सामने आया है कि शिव साहनी लंबे समय से आरटीआई के माध्यम से कारोबारियों और अन्य लोगों की जानकारियां जुटाता था। बाद में उन्हीं जानकारियों के आधार पर विभिन्न सरकारी विभागों में शिकायतें भेजकर संबंधित व्यक्तियों पर दबाव बनाया जाता था।

पुलिस को शक है कि शिकायतों और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर लोगों को बदनाम करने तथा उनका कारोबार बर्बाद करने की धमकियां दी जाती थीं। इसके बदले कथित तौर पर धन उगाही की जाती थी।



विदेशी कॉल से दी गई थी धमकी
पुलिस को आशंका है कि 3 जून को शराब कारोबारी विनय साहनी को मिली जान से मारने की धमकी भी इसी नेटवर्क के जरिए विदेशी नंबर से दिलवाई गई थी। जांच में आरोपी के बेटे की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और बैंक लेन-देन की गहन जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया और उनसे कितनी रकम वसूली।

थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार जानकारी देते हुए


ऐसे मांगी गई थी रंगदारी
शिकायतकर्ता विनय साहनी ने पुलिस को बताया कि सेक्टर-17 निवासी शिव साहनी पिछले करीब दो वर्षों से उसके संपर्क में था और उसके कारोबार से जुड़ी जानकारी एकत्र कर रहा था। इसके बाद उसके और उसके परिचित आदित्य राणा के खिलाफ विभिन्न विभागों में शिकायतें भेजी जाने लगीं।
आरोप है कि शिव साहनी ने परिवार और कारोबार को बर्बाद करने की धमकी देकर पहले एक करोड़ रुपये की मांग की। बाद में यह सौदा 75 लाख रुपये में तय हुआ।

विनय साहनी के अनुसार, 29 मई को उसने डर के कारण जिमखाना क्लब की पार्किंग में आरोपी को 2.50 लाख रुपये टोकन मनी के रूप में दिए थे। इसके बाद आरोपी लगातार शेष 72.50 लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था।



चार लाख लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाया। शनिवार को शिव साहनी ने विनय साहनी को चार लाख रुपये लेकर जिमखाना क्लब बुलाया। जैसे ही आरोपी ने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से मौजूद थाना छप्पर पुलिस ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

थाना छप्पर प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान विदेशी नंबरों से की गई कॉल, संभावित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क और मामले में शामिल अन्य लोगों से जुड़े पहलुओं की गहन जांच की जाएगी।