मिशन मैदान 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई, 520 ट्रामाडोल कैप्सूल सहित आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “मिशन मैदान 2.0” अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 520 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है।

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल की टीम को सूचना मिली थी कि गांव शादीपुर के पास एक युवक प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के साथ घूम रहा है।

सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई जसबीर सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। नियमानुसार मौके पर नायब तहसीलदार साढ़ौरा कुलदीप को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में बुलाया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान विक्की पुत्र राजवीर निवासी पुराना हमीदा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 520 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। बरामद दवाइयों की जांच ड्रग कंट्रोलर डॉ. बिंदु धीमान द्वारा करवाई गई, जिन्होंने पुष्टि की कि यह प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश से प्रतिबंधित दवाइयां लाकर आसपास के क्षेत्रों में युवाओं को बेचने का काम कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से भी दो मामले दर्ज हैं, जो अदालत में विचाराधीन हैं। इसके अलावा वह एक मामले में पुलिस द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।






