यमुनानगर जिले के बिलासपुर-साढ़ौरा मार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बिजली निगम के एसडीओ विकास बंसल की मौत हो गई। यह हादसा लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास उस समय हुआ, जब बिजली निगम की बोलेरो और सहकारी समिति की बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बिलासपुर से साढ़ौरा की ओर यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बिजली निगम की बोलेरो ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान बोलेरो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही बस से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बस का अगला भाग भी बुरी तरह टूट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एसडीओ विकास बंसल को पहले बिलासपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें यमुनानगर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।


बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में कई छात्र और अन्य यात्री भी सवार थे। टक्कर के झटके से कई यात्री सीटों से गिर गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बस चालक ने टक्कर से बचने के लिए वाहन को सड़क से नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन बोलेरो भी उसी दिशा में आ गई और हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला।
हादसे के कारण बिलासपुर-साढ़ौरा मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक बहाल कराया।
पुलिस की शुरुआती जांच में ओवरटेकिंग को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।






