यमुनानगर: मैदान 2.0 अभियान के तहत सारण में छापेमारी, 10 लाख रुपये नकद बरामद

0
1

यमुनानगर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “मैदान 2.0” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना छप्पर क्षेत्र के गांव सारण समेत कई संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी की। अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया तथा संदिग्ध ठिकानों की तलाशी लेकर नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया।

छापेमारी करते हुए पुलिस अधिकारी
तलाशी में बरामद हुआ कैश

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि अंबाला रेंज के आईजी पंकज नैन के निर्देशों और पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अपराध शाखा-1, अपराध शाखा-2 और अन्य पुलिस टीमों ने गांव सारण में विशेष रेड की।


छापेमारी के दौरान पुलिस को सारण निवासी एक युवक के घर से 10 लाख 37 हजार 800 रुपये नकद बरामद हुए। जांच में यह भी सामने आया कि युवक बेरोजगार है और उसकी कोई आय का स्पष्ट स्रोत नहीं है। इसके अलावा घर से करीब 60 हजार रुपये की पुरानी बंद हो चुकी करेंसी भी मिली, जिसमें 500 और 1000 रुपये के नोट शामिल हैं।


डीएसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि संबंधित युवक नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ है। इसी आधार पर सुबह करीब 5 बजे गांव में करीब 10 टीमों ने एक साथ कार्रवाई की।

मामले की जानकारी देते हुए DSP रजत गुलिया

उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि या तो वे यह धंधा छोड़ दें या पुलिस उन्हें यह धंधा छोड़ने पर मजबूर कर देगी।

पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना उसकी प्राथमिकता है। “मैदान 2.0” अभियान के तहत आगे भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से छापेमारी और निगरानी अभियान जारी रहेंगे। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।