बिलासपुर में CM नायब सैनी की मौजूदगी में कांग्रेस विधायक रेनू बाला के पति ऋषिपाल BJP में शामिल, कांग्रेस पर साधा निशाना
यमुनानगर के बिलासपुर में शुक्रवार को आयोजित भाजपा सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने साढौरा से कांग्रेस विधायक रेनू बाला के पति इंजीनियर ऋषिपाल को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

BJP में शामिल होने के बाद ऋषिपाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में विकास नहीं बल्कि केवल कुर्सी की राजनीति होती है। भाजपा में शामिल होकर उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि वे लंबे समय से कुमारी सैलजा गुट से जुड़े रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सैलजा को कमजोर करने के लिए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप लगाए थे।

गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के जिन पांच विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे थे, उनमें साढौरा विधायक रेनू बाला का नाम भी शामिल था। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें निलंबित कर दिया था। निलंबन के बाद से रेनू बाला लगातार सरकारी कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं के साथ नजर आ रही हैं। हाल ही में वे मंत्री अनिल विज के साथ आयोजित एक बैठक में भी दिखाई दी थीं।
हालांकि ऋषिपाल के भाजपा में शामिल होने के बावजूद विधायक रेनू बाला ने अभी भाजपा का दामन नहीं थामा है। ऋषिपाल ने कहा कि कांग्रेस ने रेनू बाला को केवल निलंबित किया है, निष्कासित नहीं। इसलिए उनकी राजनीतिक पहचान फिलहाल कांग्रेस से ही जुड़ी रहेगी और वे कांग्रेस के आधिकारिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखेंगी।
कानूनी जानकारों का कहना है कि यदि रेनू बाला स्वयं भाजपा में शामिल होती हैं तो उनकी विधानसभा सदस्यता पर खतरा पैदा हो सकता है। यही वजह है कि फिलहाल उनके सीधे तौर पर भाजपा में शामिल होने की संभावना कम मानी जा रही है।
भाजपा में शामिल होने के बाद ऋषिपाल ने कहा कि कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई पार्टी है और गुटबाजी के कारण पार्टी कमजोर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा गुट ने जानबूझकर सैलजा समर्थकों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि जब उन पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगा ही दिए गए तो फिर उस राजनीतिक माहौल का फायदा उठाने में कोई बुराई नहीं है।
ऋषिपाल ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साढौरा क्षेत्र की सभी प्रमुख मांगों को मंजूरी दी है। क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त फंड भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ऋषिपाल की भाजपा में एंट्री से साढौरा विधानसभा सीट के समीकरण बदल सकते हैं। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक बलवंत सिंह भी मौजूद रहे, जिन्हें रेनू बाला लगातार दो विधानसभा चुनावों में हरा चुकी हैं। ऐसे में दोनों परिवारों का एक मंच पर आना आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा साढौरा सीट पर किस चेहरे को मैदान में उतारेगी। ऋषिपाल की भाजपा में एंट्री के बाद क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बनने की अटकलें तेज हो गई हैं।
कार्यक्रम से जुड़ी कुछ तस्वीरें-












