अमेरिका से डिपोर्ट होते ही गिरफ्तार! यमुनानगर के ₹1 करोड़ रंगदारी केस का मास्टरमाइंड पुलिस के हत्थे चढ़ा

0
3

यमुनानगर: व्यासपुर थाना क्षेत्र में आढ़ती से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी गौरव उर्फ गोलू को अमेरिका से डिपोर्ट होते ही दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस हिरासत में बैठा आरोपी गौरव उर्फ गोलू


पुलिस के अनुसार, आरोपी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लुक आउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर हिरासत में लिया गया। इसके बाद व्यासपुर थाना पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर यमुनानगर लेकर आई। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।


मामला दिसंबर 2024 का है, जब व्यासपुर क्षेत्र के आढ़ती शिव कुमार को विदेशी नंबर से कॉल कर खुद को गोल्डी बराड़ गैंग का सदस्य बताने वाले आरोपी ने एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। बाद में आरोपियों ने 70 से 80 लाख रुपये में समझौते की बात भी कही थी।
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर पहले ही इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, स्विफ्ट कार और बाइक भी बरामद की गई थी, जबकि दो नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई थी।

व्यासपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार मामले की जानकारी देते हुए


पुलिस का कहना है कि गौरव से पूछताछ में गिरोह के नेटवर्क, फरार साथियों, हथियारों और विदेश भागने के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के कब्जे से पासपोर्ट, अमेरिकी डॉलर, बैंक कार्ड, बोर्डिंग पास और एयर इंडिया का टिकट भी बरामद किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बरेली निवासी असलम के संपर्क में आने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस अब असलम समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।