यमुनानगर जेल में बंद युवक की मौत, परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

0
4

यमुनानगर: यमुनानगर जिला जेल में बंद 26 वर्षीय राहुल सैनी की शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान सिविल अस्पताल में मौत हो गई। राहुल की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना है कि उन्हें राहुल की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने की कोई सूचना नहीं दी गई थी।

मृतक राहुल सैनी का फाइल फोटो


मृतक की पहचान गांव ईशरपुर निवासी राहुल सैनी के रूप में हुई है। जेल प्रशासन के अनुसार राहुल को पेट दर्द की शिकायत के बाद इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर एकत्रित परिजन


राहुल के मामा रिंपी सैनी ने बताया कि राहुल 7 जुलाई को घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिवार लगातार उसकी तलाश करता रहा, लेकिन शुक्रवार सुबह पुलिस से उसकी मौत की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि राहुल तीन दिन तक जेल में बंद रहा, लेकिन पुलिस या जेल प्रशासन ने उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी।

मृतक राहुल के मामा रिंपी सैनी मामले की जानकारी देते हियर


परिजनों ने यह भी दावा किया कि राहुल की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी। उनका कहना है कि सुबह 7:20 बजे राहुल को अस्पताल लाया गया और कुछ ही मिनटों बाद मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।


वहीं, जिला जेल अधीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि राहुल को 7 जुलाई को मारपीट के एक मामले में न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। गुरुवार को पेट दर्द की शिकायत पर उसे दवा दी गई थी। शुक्रवार सुबह तबीयत फिर बिगड़ने पर डॉक्टर की सलाह पर तुरंत सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर पुलिस तैनात


जेल अधीक्षक ने यह भी कहा कि राहुल द्वारा दिया गया परिजनों का मोबाइल नंबर लगातार बंद मिला, इसलिए परिवार से संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।