यमुनानगर में चोरी के मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
एंटी बरग्लरी एवं एंटी नारकोटिक्स सेल-2 की टीम ने अलग-अलग चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सेल-2 के इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि उप निरीक्षक सुखविंदर सिंह, नवतेज सिंह, एएसआई सुरेंद्र सिंह और कुलदीप की टीम ने कार्रवाई करते हुए डेहा बस्ती बिलासपुर निवासी रणबीर और अमन को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने 14 सितंबर की रात खेड़ा पावर हाउस कॉलोनी स्थित एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी मकान से रात के समय सोने के जेवरात चोरी कर फरार हो गए थे।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।
वहीं, टीम ने पावर हाउस बैंक कॉलोनी के पास से एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विशाल नगर निवासी संगम उर्फ संगी पुत्र रमेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार संगम ने 21 सितंबर को सरोजिनी कॉलोनी स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज बताया गया है।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से जुड़े मामलों की जांच कर रही है और चोरी की वारदातों में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है।









