नई दिल्ली। विदेशी बाजारों से समर्थन के रुख के बीच शेयर बाजार ने शुक्रवार को नए वित्त वर्ष के पहले दिन मजबूत शुरुआत की। सेंसेक्स 708 अंक से अधिक की तेजी के साथ 59,000 अंक के स्तर पर पहुंच गया। व्यापारियों ने कहा कि विदेशी फंड प्रवाह और सकारात्मक व्यापक आर्थिक संकेतों से बाजार को गति मिली। नए वित्त वर्ष के पहले कारोबारी दिन सेंसेक्स 708.18 अंक या 1.21 प्रतिशत बढ़कर 59,276.69 पर बंद हुआ। दिन के दौरान यह 828.11 अंक या 1.41 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,396.62 पर पहुंच गया।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज में अनुसंधान प्रमुख विनोद नायर ने कहा, शेयर बाजार की वित्त वर्ष 2023 की शुरुआत सकारात्मक रही। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, वैसे-वैसे बैंकों, बिजली और रियल्टी जैसे क्षेत्रों में खरीदारी बढ़ी। उन्होंने कहा, मेगा पावर पॉलिसी के लिए कैबिनेट की मंजूरी, कच्चे तेल में गिरावट और वैश्विक वायदा में सुधार से बाजार को बल मिला। साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 1,914.49 अंक या 3.33 प्रतिशत उछला, जबकि निफ्टी 517.45 अंक या 3.01 प्रतिशत चढ़ा। भारतीय इक्विटी बाजारों ने इस सप्ताह सकारात्मक रिटर्न दिया।