यमुनानगर: प्रज्ज्वल की मौत मामले में नया मोड़, दोस्तों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग

0
4

यमुनानगर जिले के बुडिया थाना क्षेत्र के गांव साबापुर निवासी 19 वर्षीय प्रज्ज्वल की यमुना नदी में डूबने से हुई मौत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। शुरुआत में इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन अब मृतक के परिजनों ने उसके साथ गए दो युवकों पर साजिश के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतक प्रज्ज्वल का फाइल फोटो
परिजन पहुंचे sp ऑफिस



सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों के साथ मृतक का परिवार लघु सचिवालय पहुंचा, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत सौंपकर मामले की जांच सीआईए से करवाने और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।



इस दौरान बेटे की मौत से दुखी मां रेखा न्याय की गुहार लगाते हुए फूट-फूटकर रो पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला। परिजनों का कहना है कि उन्हें प्रज्ज्वल की मौत पर गंभीर संदेह है और पूरे मामले की निष्पक्ष व गहन जांच कराई जानी चाहिए।

पज्जवल की माँ हुई बेहोश

मृतक की बहन रेनू देवी के अनुसार, 25 मई को गांव का एक युवक और उसका जीजा प्रज्ज्वल को घर से अपने साथ लेकर गए थे। आरोप है कि दोनों उसे योजनाबद्ध तरीके से ओदरी घाट स्थित यमुना नदी पर ले गए, जहां उसे नशीला पदार्थ देकर गहरे पानी में धक्का दे दिया गया।

परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब प्रज्ज्वल का शव बरामद हुआ तो उसके शरीर पर टी-शर्ट और कैपरी मौजूद थी, जबकि सामान्यतः कोई व्यक्ति पूरे कपड़ों सहित नदी में स्नान नहीं करता। इसके अलावा घटना के दौरान उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिससे परिवार का शक और गहरा हो गया।

परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बुडिया थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जांच में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया।

गौरतलब है कि 25 मई को प्रज्ज्वल अपने दोस्त और उसके जीजा के साथ पहले पश्चिमी यमुना नहर क्षेत्र में गया था। बाद में वे ओदरी घाट स्थित यमुना नदी पहुंचे, जहां स्नान के दौरान उसके डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने करीब दो घंटे तक सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद उसका शव बरामद किया गया था।

यमुनानगर जिला सचिवालय

प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे डूबने से हुई मौत मान रही थी, लेकिन अब परिजनों की शिकायत के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एसपी को सौंपे गए ज्ञापन में परिवार ने तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर जांच कराने की मांग की है। एसपी ने शिकायत के आधार पर जांच करवाने और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

SP ऑफिस पहुंचे परिजन जानकारी देते हुए