यमुनानगर जिले के चुहड़पुर कलां गांव से श्री रेणुका जी मंदिर के दर्शन के लिए निकला एक परिवार शुक्रवार को लालढांग के पास हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पिता, उनकी दो बेटियों और एक रिश्तेदार की मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं।

घायल उषा देवी ने बताया कि परिवार काफी समय से श्री रेणुका जी के दर्शन की योजना बना रहा था। कई बार कार्यक्रम बनने के बाद भी किसी न किसी कारण से यात्रा टलती रही। शुक्रवार को आखिरकार परिवार ने यात्रा पर निकलने का फैसला किया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे दो बाइकों पर सवार होकर पांच लोग घर से रवाना हुए।

एक बाइक पर फूल सिंह अपनी भतीजियों सिमरन उर्फ सिम्मी (16) और मिनल उर्फ मिनी (14) को लेकर चल रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर राजेंद्र धीमान अपनी पत्नी उषा के साथ थे। बड़ी बेटी ऐनी घर पर ही रुक गई थी।
परिवार जब कलेसर नेशनल पार्क के जंगल से होते हुए लालढांग के पास पहुंचा तो सामने से मक्के की बोरियों से लदा एक ट्रक आता दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ढलान और तीखे मोड़ पर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में आ गया और दोनों बाइकों पर पलट गया।


हादसा इतना भयावह था कि किसी को संभलने या मदद के लिए पुकारने तक का मौका नहीं मिला। ट्रक के नीचे दबने से राजेंद्र धीमान, उनकी दोनों बेटियां और फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उषा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। पहले ट्रक पर लदा मक्का हटाया गया और फिर क्रेन की मदद से ट्रक को उठाकर शवों को बाहर निकाला गया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे।

शनिवार को गांव के श्मशान घाट में राजेंद्र धीमान और उनकी दोनों बेटियों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ तीन चिताएं जलती देख पूरा गांव गमगीन हो गया और हर आंख नम दिखाई दी।
इस हादसे के बाद राजेंद्र के परिवार में अब केवल घायल पत्नी उषा और बड़ी बेटी ऐनी ही बची हैं। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले फूल सिंह की कोई संतान नहीं थी। उनकी मौत के बाद उनकी पत्नी अकेली रह गई है।
प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहताश ने बताया कि दुर्घटना में शामिल यूपी नंबर के ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





