यमुनानगर में 31 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, एंटी नारकोटिक सेल ने की कार्रवाई

0
5

यमुनानगर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल की टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस हिरासत में पकड़ा गया आरोपी

एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पुराना हमीदा की वाल्मीकि बस्ती के पास एक युवक नशीले पदार्थ बेचने का काम कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को अवगत कराया गया और इसके बाद एक टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, एएसआई जसबीर सिंह, कर्मवीर, अमित तथा सिपाही अमित, अंकित और मोनू को टीम में शामिल किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर बताए गए स्थान पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान वहां घूम रहे एक युवक को पुलिस ने काबू कर लिया।

पुलिस ने बताया कि नियमानुसार मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया, जिनकी मौजूदगी में पकड़े गए युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 31 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान पुराना हमीदा निवासी असलम के रूप में हुई। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।

एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई से जुड़े लोगों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास नशीला पदार्थ कहां से आया और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी के लंबे समय से नशे की तस्करी में संलिप्त होने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।