यमुनानगर में 30 हजार की लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार | भागते समय बाइक फिसली | 18 केस दर्ज

0
1

यमुनानगर में शादी की तैयारियों के लिए आए युवक से 30 हजार रुपए लूटने वाले बदमाशों में से एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस से बचकर भागने के दौरान बदमाशों की बाइक फिसल गई, जिसमें मोनू उर्फ मुंशी घायल हो गया।

पुलिस से बचकर भागने में आरोपी को लगी चोट

वहीं उसका साथी मदन उर्फ मद्दी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी हरिनगर का रहने वाला मोनू उर्फ मुंशी है। जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले से 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

आरोपी मोनू उर्फ मुंशी
आरोपी मोनू उर्फ मुंशी

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गांव रामपुर निवासी महावीर सिंह की शादी 9 मई को यमुनानगर के लाजपत नगर में रहने वाली युवती से होनी है। शादी की रस्मों और खरीदारी के लिए वह 26 अप्रैल को करीब 30 हजार रुपए लेकर यमुनानगर आया था।

महावीर सिंह ने पुलिस को बताया कि 27 अप्रैल को वह कैंप इलाके में एक ठेके के पास बीयर पी रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उससे बहस करने लगे। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की। एक युवक ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उसकी जेब से 30 हजार रुपए निकाल लिए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीआईए-1 इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि लूट में शामिल दोनों आरोपी रटौली रोड के पास घूम रहे हैं और किसी नई वारदात की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी बाइक लेकर भागने लगे, लेकिन भागते समय उनकी बाइक फिसल गई। हादसे में मोनू उर्फ मुंशी घायल हो गया, जबकि उसका साथी मदन उर्फ मद्दी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

CIA 1 टीम ने किया आरोपी को काबू

घायल आरोपी को पुलिस ने तुरंत हिरासत में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया, जहां जांच में उसकी टांग में फ्रैक्चर पाया गया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

घायल आरोपी को सिविल अस्पताल यमुनानगर लाया गया