सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड:प्रियवर्त फौजी समेत 4 को जेल भेजा; शार्पशूटर मन्नु और रूपा का सुराग मिला

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का कत्ल करने वाले शार्पशूटर प्रियवर्त फौजी और उसके 4 साथियों को मानसा कोर्ट ने जेल भेज दिया है। फौजी के साथ कशिश उर्फ कुलदीप, केशव और दीपक को भी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इन्हें पंजाब पुलिस दिल्ली की तिहाड़ जेल से लाई थी।

वहीं मूसेवाला के कत्ल में शामिल शार्प शूटर मनप्रीत मनु कुस्सा और जगरूप रूपा के बारे में पंजाब पुलिस को अहम सुराग मिला है। शार्पशूटर अंकित सेरसा से पूछताछ में पता चला कि कत्ल के बाद यह दोनों पंजाब में ही छुपे हुए थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि कहीं वह पंजाब में ही अंडरग्राउंड तो नहीं हो रखे हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि लॉरेंस मानता था कि मूसेवाला उसकी गैंग को गीतों के जरिए चुनौती देता है।

गोल्डी के 2 करोड़ ऑफर के दावे से दिल्ली पुलिस का इनकार

वहीं मूसेवाला की तरफ से जान बचाने के लिए 2 करोड़ ऑफर करने के दावे को दिल्ली पुलिस ने गलत करार दिया है। लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दो दिन पहले वीडियो जारी कर यह दावा किया था। दिल्ली पुलिस के स्पेशल पुलिस कमिश्नर HGS धालीवाल का कहना है कि उनकी पूछताछ में ऐसा कुछ सामने नहीं आया।

गोल्डी बराड़ ने 2 दिन पहले वीडियो जारी कर मूसेवाला के कत्ल को जस्टिफाई करने के लिए कई तरह के आरोप लगाए थे। उसने सहानुभूति बटोरने के साथ पंथक कार्ड भी खेलने की कोशिश की। हालांकि उसके नकाब पहनने को लेकर लोग सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं।

लॉरेंस पर शिकंजे से बौखलाया गैंग, मूसेवाला को बदनाम करने की साजिश
मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस पर शिकंजा कसने से उसकी गैंग बौखलाई हुई है। पंजाब पुलिस मूसेवाला के कत्ल के बाद पंजाब के दूसरे केसों में उसे गिरफ्तार कर रही है। यही वजह है कि गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को वीडियो जारी करना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक मूसेवाला के जिंदा रहते विरोध देख लॉरेंस गैंग को उसके कत्ल किए जाने के इतने विरोध की उम्मीद नहीं थी। मगर, पंजाब ही नहीं बल्कि देश और विदेशों से भी मूसेवाला को इंसाफ की मांग उठ रही है। जिसके बाद पुलिस पर काफी दबाव बना हुआ है। इस वजह से मूसेवाला पर गलत काम के आरोप लगाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *