अधिकारियों की अनदेखी से निगम की 135 एकड़ जमीन पर कब्जे, 4200 मकान बनाए, 43 मामले कोर्ट में दायर

सोनीपत। नगर निगम अधिकारियों की लगातार अनदेखी और शिकायत के बाद की गई लीपापोती में नगर निगम की 10-20 नहीं बल्कि 135 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे हो गए हैं। यह तो सिर्फ अधिकृत रिकाॅर्ड है, लेकिन आरोप है कि निगम की करीब 250 से ज्यादा एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा है। खुद निगम के पास इसका रिकाॅर्ड तक नहीं है। अभी तक सामने आया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर लोग 4200 मकान भी बना चुके हैं। निगम की सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले कई व्यक्तियों को राजनीतिक संरक्षण तक होना बताया गया है।

अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी जमीनों पर लगातार कब्जे

निगम अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी जमीनों पर लगातार कब्जे की ओर से नोटिस भी भेजे गए, लेकिन उसकी भी अनदेखी की गई। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों की शिकायत सीएम को भी दी जा चुकी है। शहर के वार्ड पार्षदाें ने कहा है कि अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी जमीनों पर लगातार कब्जे बढ़ते जा रहे हैं। निगम इस पर कार्रवाई करने के बजाए जमीन का रिकाॅर्ड नहीं होने का बहाना बना पल्ला झाड़ रहा है। निगम पार्षद हरिप्रकाश सैनी, अतुल सैनी ने कहा कि अवैध कब्जा 135 नहीं इससे कहीं अधिक जमीनों पर है। निगम की सैकड़ों एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा है, हालात यह है कि निगम अपनी जमीनों के पूरे रिकाॅर्ड की जानकारी बार-बार मांगे जाने के बावजूद देने में आनाकानी कर रहा है।

लोगों ने विरोध किया और जेसीबी के आगे जमा हो गए

आईटीआई के पास विवादित जमीन को लेकर मामला अब जिला प्रशासन के पास पहुंच गया है। विवादित जमीन पर चार दीवारी किए जाने की कोशिश के बीच जब निगम की टीम जब कब्जा लेने के लिए पहुंची तो लोगों ने विरोध किया और जेसीबी के आगे जमा हो गए। मांगे जाने पर संबंधित कोई रिकाॅर्ड नहीं दिखा सकें। जिस आधार पर निगम ने मजिस्ट्रेट नियुक्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

जिला प्रशासन को अवैध कब्जों से संबंधित रिपोर्ट दी गई

  • निगम की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों को लेकर निगम प्रशासन काफी गंभीर है। निगम अब लगातार अवैध कब्जों हटवाने को लेकर कार्रवाई करेगा। जिला प्रशासन को अवैध कब्जों संबंधित रिपोर्ट दी गई है। कब्जे लेने के लिए निगम ने डयूटी मजिस्ट्रेट सहित पुलिस फोर्स की मांग की है। इसके बाद निगम अपनी कार्रवाई करेगा। – वीरेंद्र सिंह, डीएमसी, नगर निगम, सोनीपत।

शहर में इन स्थानों पर है अवैध कब्जा

नगर निगम की ओर से बनाई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि शहर में कच्चे क्वार्टर के पास, गढ़ी घसीटा, ज्ञान नगर, भीम नगर, राजेन्द्र नगर, श्याम नगर, गढ़ी बाह्माण, कालुपुर, जैन बाग काॅलोनी आदि क्षेत्र में नगर निगम की 135 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे बने हुए हैं।

कब्जा हटाने के लिए निगम ने टीम बनाई

निगम की जमीनों पर अवैध कब्जों को हटाने और सरकारी कब्जा लेने के लिए निगम ने बाकायदा टीम भी बना दी है। डीएमसी की अगुवाई में बनी इस टीम में तहसीलदार, पटवारी, एसडीओ, जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त होने वाले ड्यूटी मजिस्टेट एवं एसएचओ शामिल है। निगम की टीम ने उन सभी स्थानों की निशानदेही कर उसकी वीडियोग्राफी का काम भी शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *