यमुनानगर। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए 40 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शादीपुर क्षेत्र में एक युवक नशीले पदार्थों के साथ घूम रहा है और किसी को सप्लाई देने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक टीम का गठन किया गया।
इस टीम में एएसआई कर्मवीर, अमित, ललित और एएसआई जसबीर सिंह को शामिल किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान गांव रायपुर निवासी तारीफ पुत्र इलियास के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इंचार्ज अनिल कुमार ने आगे बताया कि आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं। आरोपी हाल ही में जमानत पर बाहर आया था और बाहर आते ही उसने फिर से नशे के अवैध कारोबार में कदम रख दिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह हेरोइन कहां से लाता था और किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी संभावना जताई जा रही है।
जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।




