हरियाणा में गला दबाकर इंजीनियर की हत्या:ठेकेदार ने छत से फेंका, हादसा दिखाने के लिए खुद भी कूदा; डेढ़ महीने बाद शादी थी

0
3

हरियाणा के पानीपत में एक ठेकेदार ने उसके पास काम करने वाले इंजीनियर की गला दबाकर हत्या कर दी। हादसा दिखाने के लिए उसने इंजीनियर को छत से गिरा दिया। किसी को शक न हो, इसलिए वह खुद भी कूद गया, ताकि लगे की दोनों छत पर बात करते हुए अचानक नीचे गिर गए।

इंजीनियर के परिजनों ने शव पर मिले चोटों के निशान और ठेकेदार से रंजिश का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ठेकेदार पर हत्या का केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।

मृतक की पहचान अमन कुमार यादव (25) के रूप में हुई है। वह 3 भाई-बहन में सबसे बड़ा था। अमन की 7 मार्च को शादी होनी थी। 2 मार्च को उसकी तिलक की रस्म होनी थी।

इसी छत से अमन को नीचे गिराया गया था।
इसी छत से अमन को नीचे गिराया गया था।

एक महीने पहले कंपनी जॉइन की थी

समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में सौरभ कुमार यादव ने बताया कि वह बिहार के सीवान जिले का रहने वाला है। उसका बड़ा भाई अमन कुमार यादव ग्लोबस सिप्ट लिमिटेड कंपनी में बतौर ड्रायर इंजीनियर (ड्रायर मशीन डिजाइन करने वाला) कार्यरत था। उसने एक महीने पहले ही कंपनी जॉइन की थी।

18 जनवरी की देर रात करीब डेढ़ बजे समालखा थाना पुलिस ने अवगत करवाया कि अमन की छत से गिरने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही उसने दिल्ली में मौजूद अपने परिचितों को फोन किया और मौके पर जाने को कहा। उसे पता लगा कि घटना वाले दिन अमन, कंपनी के ठेकेदार प्रदीप सिंह के बुलाने पर उसके कमरे पर गया था।

सिविल अस्पताल में पहुंचे मृतक इंजीनियर के परिवार के लोग।
सिविल अस्पताल में पहुंचे मृतक इंजीनियर के परिवार के लोग।

ठेकेदार का व्यवहार ठीक नहीं था

सौरभ ने आरोप लगाया कि अमन ने अपने परिवार को कई बार फोन पर कहा था कि ठेकेदार प्रदीप सिंह उसके काम में बहुत हस्तक्षेप करता है। उसका व्यवहार भी उसके प्रति ठीक नहीं है। वह उस पर दबाब बनाने की भी कोशिश करता है।

घटना के बाद 18 जनवरी की रात को पानीपत पहुंचा। यहां उसने जांच-पड़ताल की तो उसे पता लगा कि ठेकेदार ने ही उसके भाई अमन की हत्या की है। छत से गिरना एक हादसा न होकर सुनियोजित हत्या है। ठेकेदार प्रदीप सिंह ने आपसी मतभेद के चलते हत्या की है।