निगम के 5 ठेकेदार ब्लैकलिस्ट:2 पर फर्जीवाड़े का आरोप, 3 ने टेंडर लेने पर भी काम शुरू नहीं किया था

नगर निगम के पांच ठेकेदोरों को ब्लैकलिस्ट कर दिया। इसमें दो ठेकेदार वे हैं, जो फर्जी दस्तावेजों पर विकास कार्यों के टेंडर ले रहे थे। वहीं, तीन ठेकेदार वे हैं, जो टेंडर लेने के बाद भी काम नहीं कर रहे थे। अगर ये ठेकेदार काम करते तो लाजपत नगर के लोगों को स्वच्छ पानी मिल पाता। साथ ही जम्मू कॉलोनी में शहीद रॉकी के नाम पर बनने वाले पार्क का काम भी कुछ हद तक पूरा हो पाता। साथ ही वार्ड-15 के हजारों लोगों को टूटी सड़क की राहत मिल पाती, लेकिन इन ठेकेदारों की वजह से काम ही शुरू नहीं हो पाया। इस पर निगम ने इन्हें ब्लैकलिस्ट करने का फैसला लिया।

पांच ठेकेदारों के ब्लैकलिस्ट होने के बाद निगम के अन्य ठेकेदार अपने रुके काम पूरे करने के लिए तेजी में लगे हैं। क्योंकि पहली बार नगर निगम में एक साथ पांच ठेकेदोरों को ब्लैकलिस्ट किया है। नगर निगम में करीब 80 ठेकेदार काम कर रहे हैं। एक्सईएन रवि ओबेरॉय ने बताया कि पांच ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया है। पहली बार एक साथ पांच ठेकेदारों पर एक्शन हुआ है। जो ठेकेदार काम नहीं करेगा, उस पर एक्शन होगा। हमारा प्रयास जनता को सुविधाएं दिलाना और समय पर विकास कार्य कराना है।

निगम अधिकारी ने बताया- कई ठेकेदार रडार पर हैं, उन पर भी एक्शन होना तय 

नगर निगम में ठेकेदार हावी हैं। टेंडर लेकर काम नहीं कर रहे। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि कई ठेकेदार राडार पर हैं। उन पर भी एक्शन होना तय है। कुछ को काम शुरू करने या फिर समय पर पूरा करने का नोटिस भी दिया हुआ है। नोटिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

आयुष्मान कोऑपरेटिव एल एंड सी सोसाइटी

इस फर्म को साल 2021 में करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क की रिपेयरिंग का काम दिया गया था। यह रोड आईटीआई से चांदपुर गुरुद्वारा, न्यू हैप्पी स्कूल से होते हुए चांदपुर तक जाता है। करीब नौ लाख, 79 हजार रुपए का टेंडर गया था, लेकिन काम शुरू ही नहीं हुआ। वार्ड-15 की यह मुख्य सड़क है। इसकी हालत इतनी खराब है कि लोग खुद ही अपने घरों के सामने से इसे ठीक करा रहे हैं। पार्षद प्रतिनिधि जसबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने इसे लेकर शिकायत दी थी। तब टेंडर लगा और वर्क अलॉट किया गया, लेकिन ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया।

ईटीएन कोऑपरेटिव एल एंड सी सोसाइटी

इस फर्म को जम्मू कॉलोनी में शहीद रॉकी पार्क में करीब ढाई लाख रुपए में काम करना था। इस फर्म को पार्क में पार्ट वर्क करना था, लेकिन इस फर्म ने भी काम नहीं किया। इसे इसलिए ब्लैकलिस्ट किया गया। शहीद रॉकी के नाम पर बन रहे इस पार्क का काम चार साल से चल रहा है, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो पाया। एक ठेकेदार पहले नौ लाख रुपए की पेमेंट लेकर चला गया, लेकिन काम उसने भी नहीं किया। पार्षद निर्मल चौहान का कहना है कि शहीद के नाम पर बनने वाले पार्क को लेकर वह लड़ाई लड़ रही हैं, लेकिन ठेकेदार और नगर निगम के अधिकारी इसे पूरा नहीं करना चाहते।

इन ठेकदारों पर ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई

ठेकेदार मोहित गोयल: इस ठेकेदार को वार्ड-15 के लाजपत नगर में पानी सप्लाई के पाइप डालने थे। इसे 30 लाख का टेंडर गया था। इस कॉलोनी में गंदे पानी की सप्लाई होती है। पानी के पाइप काफी पुराने हो चुके हैं। वर्क ऑर्डर के बाद भी काम शुरू नहीं किया। इसके चलते ब्लैकलिस्ट किया गया। इसी बीच सरकार ने लेटर जारी कर दिया कि आगे से इस तरह के काम पब्लिक हेल्थ करेगा।

ठेकेदार पुनीत कांबोज: इसने तीन दिसंबर से 13 दिसंबर 2021 तक नगर निगम के वार्ड-12, 21 व 22 में विकास कार्यों के लिए लगे टेंडर के लिए अप्लाई किया था। टेंडर के लिए अप्लाई करते समय पुनीत ने ईएसआई व ईपीएफ के जो दस्तावेज लगाए थे, वे इतने धुंधले थे कि पढ़े नहीं जा सकते थे। जांच की तो वे फर्जी मिले। उस पर केस दर्ज हुआ था। इसलिए उसे अब ब्लैकलिस्ट किया गया।

ठेकेदार अिनल चुघ: अनिल ने तीन दिसंबर से 13 दिसंबर 2021 तक नगर निगम के वार्ड-12, 21 व 22 में विकास कार्यों के लिए लगे टेंडर के लिए अप्लाई किया था। उसने इस दौरान जो अनुभव प्रमाणपत्र पत्र लगाया था, वह कार्यकारी अभियंता प्रांतीय मंडल पीडब्ल्यूडी जालंधर कैंट द्वारा प्रमाणित दर्शाया गया। जबकि वह फर्जी था। उस पर भी केस दर्ज हुआ था इसलिए उसे ब्लैकलिस्ट किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *